उत्तरकाशी। उत्तराखंड सरकार की ओर से धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष ट्रेन यात्रा’ के तहत सोमवार को उत्तरकाशी से श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ। विश्वनाथ चौक से जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान और विधायक सुरेश चौहान ने बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
जिले से रवाना हुए श्रद्धालु सोमवार शाम देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां से वे वेरावल (गुजरात) स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए विशेष ट्रेन से प्रस्थान करेंगे। राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस यात्रा में उत्तराखंड के स्थायी निवासियों को पूरी तरह निःशुल्क सुविधा प्रदान की जा रही है। यात्रियों के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, भोजन, ठहरने और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था सरकार की ओर से की गई है।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी उत्तरकाशी के श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा ऐतिहासिक और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार लोगों को देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने भी इसे जनपद के लिए सौभाग्यपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि सरकार ने विशेष रूप से बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने की निःशुल्क व्यवस्था कर आस्था को सम्मान दिया है। उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
SEO Keywords: