देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अखिल भारतीय बालक एवं बालिका पर्वतारोहण अभियान में उत्तराखंड निदेशालय के तीन कैडेटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। चुनौतीपूर्ण पर्वतीय परिस्थितियों में साहस, धैर्य और उत्कृष्ट पर्वतारोहण कौशल का परिचय देते हुए इन कैडेटों ने सफलतापूर्वक 5,200 मीटर ऊंची जगतसुख चोटी (माउंट देव टिब्बा अभियान क्षेत्र) पर शिखरारोहण किया।
इस पर्वतारोहण अभियान का शुभारंभ 4 जून 2026 को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया था। अभियान के दौरान देशभर से चयनित एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया और कठिन पर्वतीय मार्गों पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड निदेशालय के कैडेटों ने 18 जून 2026 की सुबह 4 बजे टेंटा बेस कैंप से अपनी चढ़ाई शुरू की। कई घंटे तक कठिन चट्टानी रास्तों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने के बाद सुबह 8:30 बजे उन्होंने समुद्र तल से लगभग 5,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित जगतसुख चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचकर शिखर फतह किया। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का प्रमाण मानी जा रही है।
इस अभियान में उत्तराखंड निदेशालय की ओर से कैडेट सायशा पंवार (11 यूके बटालियन एनसीसी, दून विश्वविद्यालय), कैडेट नैना देवी (84 यूके बटालियन एनसीसी) तथा एसयूओ हिमांशु सिंह (1 यूके एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, देहरादून) ने भाग लिया। तीनों कैडेटों ने पूरे अभियान के दौरान अनुशासन, टीमवर्क और साहस का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कैडेटों की इस उल्लेखनीय सफलता पर उत्तराखंड एनसीसी निदेशालय और संबंधित इकाइयों में खुशी का माहौल है। अधिकारियों ने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस तरह के अभियान युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। उत्तराखंड के इन कैडेटों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि राज्य के युवा राष्ट्रीय स्तर पर हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।