भाजपा ने महादेव मैठाणी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, टिहरी में शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक बनाया

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी महादेव मैठाणी को टिहरी गढ़वाल जिले के शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और समर्थकों में खुशी का माहौल है।

महादेव मैठाणी लंबे समय से शिक्षा, सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वह अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय महामंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही वह उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी होने के नाते राज्य निर्माण आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच, टिहरी गढ़वाल के सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

महादेव मैठाणी का सार्वजनिक जीवन काफी सक्रिय रहा है। वह पहले नगरपालिका नई टिहरी के सभासद रह चुके हैं। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षक संघ में जिलाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क क्षमता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के कारण महादेव मैठाणी को शिक्षकों और आम लोगों के बीच एक सक्रिय एवं लोकप्रिय चेहरा माना जाता है। भाजपा का मानना है कि उनके नेतृत्व में शिक्षक प्रकोष्ठ को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा शिक्षकों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

नियुक्ति के बाद महादेव मैठाणी ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा को मजबूत करने, शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.