रांची। झारखंड सरकार राज्य को आईटी, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आगामी 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में आईटी विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण सौंपा। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी भी मौजूद रहे।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन झारखंड सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य राज्य में आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल गवर्नेंस, औद्योगिक विकास और पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है। इसमें देश-विदेश के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कार्यक्रम के पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही झारखंड में आईटी पार्क, एआई आधारित परियोजनाओं और डिजिटल सेवाओं के विस्तार को लेकर विशेषज्ञ अपने सुझाव देंगे। सरकार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच बी2जी (बिजनेस टू गवर्नमेंट) बैठकें भी आयोजित होंगी। इसी दौरान आईटी विभाग और कई कंपनियों के बीच महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने की भी संभावना है।
सम्मेलन के विशेष सत्र में ‘झारखंड में एआई का भविष्य’ विषय पर चर्चा होगी, जिसमें राज्य की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नीति के प्रारूप और भविष्य की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
दूसरे दिन निवेश और समावेशी विकास के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र पर फोकस रहेगा। निवेशकों के सामने झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि राज्य में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित किया जा सके।
सरकार का मानना है कि यह सम्मेलन राज्य की ‘एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज’ थीम और ‘झारखंड विजन 2050’ के लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में अहम साबित होगा। कार्यक्रम का समापन झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ होगा।