नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पूरे देश में सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इस बीच अरुणाचल प्रदेश के लोअर सियांग जिले में भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन ने व्यापक तबाही मचाई है। जिले के 14 गांवों के 3,100 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है, जिससे करीब 500 परिवारों का बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। धान के खेत, कृषि भूमि, मकान, सड़कें और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन, सेना, आईटीबीपी, बीआरओ और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
आईएमडी के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी भारत में गुजरात, गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी व्यापक वर्षा का दौर जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों में बरेली में सबसे अधिक 157 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। आईएमडी ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।