नोएडा एयरपोर्ट से 11 नए शहरों के लिए उड़ान शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी सौगात

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बुधवार से इंडिगो एयरलाइन ने 11 नए शहरों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं। नई उड़ानों के शुरू होने के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट से देश के कुल 16 शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध हो गई है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे।

एयरपोर्ट से 15 जून को यात्री सेवाओं की शुरुआत के बाद इंडिगो ने लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु और अमृतसर के लिए उड़ानें शुरू की थीं। इसके बाद अब नवी मुंबई, भोपाल, जयपुर, देहरादून, धर्मशाला, श्रीनगर, जोधपुर, पंतनगर, चंडीगढ़, बरेली और अन्य शहरों को भी नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। वहीं जम्मू के लिए इंडिगो और बेंगलुरु व नवी मुंबई के लिए अकासा एयर पहले से सेवाएं संचालित कर रही है।

नई उड़ानों के लिए टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। देहरादून के लिए शुरुआती किराया करीब 2,888 रुपये, जयपुर के लिए 3,325 रुपये से, लखनऊ के लिए 3,394 रुपये से, भोपाल के लिए 5,297 रुपये, धर्मशाला के लिए 5,028 रुपये और चंडीगढ़ के लिए लगभग 4,400 रुपये निर्धारित किया गया है। बरेली के लिए सप्ताह में चार दिन और किशनगढ़ के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ान सेवा उपलब्ध रहेगी।

उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ एयरपोर्ट पर रोजाना टेकऑफ और लैंडिंग करने वाले विमानों की संख्या बढ़कर करीब 48 हो जाएगी। इसे देखते हुए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और एयरलाइन कंपनियों ने स्टाफ और परिचालन व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को विश्वस्तरीय और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी एयरपोर्ट से परिचालन की तैयारी कर ली है, हालांकि कंपनी ने अभी अपनी यात्री सेवाओं की शुरुआत की तारीख घोषित नहीं की है। नई उड़ानों के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.