ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला बड़ा संदेश, कर्तव्यनिष्ठा पर जोर

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने विभागीय परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया।

महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन भी है, जिनके प्रयासों से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ प्रत्येक नागरिक और सरकारी कर्मचारी की जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं।

उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली का सीधा प्रभाव आम जनता तक पहुंचता है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कार्यों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए।

तिवारी ने कहा कि सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग की भूमिका शासन की योजनाओं, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। ऐसे में विभागीय कार्यों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभाग की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से पूरा करने की अपेक्षा की।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनीया, सुरेश भट्ट, अर्चना सहित सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.