चंपावत को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात, अब नहीं जाना पड़ेगा हल्द्वानी!

 चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और प्रगति की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। सरकार का लक्ष्य केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक उपकरणों, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से सशक्त बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि एमआरआई मशीन शुरू होने से अब चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय, धन और मानसिक परेशानी दोनों कम होगी तथा समय पर उपचार संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधन को मजबूत करने के लिए इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 129 बेड का आधुनिक छात्रावास तैयार किया गया है और जिले में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को कैशलेस उपचार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वस्थ और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.