रुड़की को मिली बड़ी सौगात, सीएम धामी ने किया आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक खेल परिसर में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को बेहतर खेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उनका कहना था कि आधुनिक खेल सुविधाएं युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस नए स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में आधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। यह केंद्र नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास शिविरों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, मेलाधिकारी कुंभ सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.