देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेश के युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड और भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, कौशल तथा प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण का मजबूत आधार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। इसी सोच के तहत स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी कई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनसे लाखों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद (ओडीओपी) योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजनाएं भी रोजगार के नए द्वार खोल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है। साथ ही प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन को भी बढ़ावा मिला है और कई युवा अपने अनुभव और कौशल के साथ वापस लौटकर उद्यमिता और स्वरोजगार को आगे बढ़ा रहे हैं।
युवाओं के हितों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके चलते प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवन और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वहीं साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़े हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का भी जवाब दिया। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के संबंध में उन्होंने कहा कि साइबर सेल लगातार सक्रिय है और समाज में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि सरकार दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ के आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के विकास के साथ-साथ ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।