देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने हेमकुंड साहिब यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा है कि उत्तराखंड की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें पूरी तरह विफल रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देवभूमि की पहचान उसकी संस्कृति, मेहमाननवाजी और आपसी भाईचारे से है, जिसे कमजोर करने की साजिश सफल नहीं हो सकी।
मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि हाल ही में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना को कुछ असामाजिक तत्वों और राजनीतिक दलों ने सामाजिक माहौल बिगाड़ने और उत्तराखंड की छवि धूमिल करने के लिए मुद्दा बनाने का प्रयास किया। उनका आरोप था कि इस घटना की आड़ में हिंदू-सिख भाईचारे को प्रभावित करने और राज्य की सकारात्मक पहचान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन सरकार और समाज की सजगता के कारण ऐसे प्रयास सफल नहीं हो पाए।
भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पूरे मामले में संवेदनशीलता, तत्परता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई की गई। इसी का परिणाम रहा कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और हेमकुंड साहिब यात्रा बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से जारी रही।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों और सिख समाज का भी विशेष आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि सभी समुदायों ने धैर्य, संयम और आपसी विश्वास का परिचय देकर सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखा। यही कारण है कि देवभूमि की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा और हिंदू-सिख एकता को कमजोर करने की कोशिशें पूरी तरह असफल साबित हुईं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक लाभ लेने के बजाय जिम्मेदारी और संयम का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से शांति, भाईचारे और धार्मिक सद्भाव की भूमि रहा है और भविष्य में भी राज्य की यह पहचान बरकरार रहेगी।