आरोग्य सेतु 2.0 में मिलेगा पूरा हेल्थ रिकॉर्ड, सोमवार को लॉन्च होगा नया अवतार

 नई दिल्ली। केंद्र सरकार सोमवार को आरोग्य सेतु 2.0 ऐप लॉन्च करने जा रही है, जो देश के डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा इस नए संस्करण का शुभारंभ करेंगे। कोविड-19 महामारी के दौरान संपर्क ट्रेसिंग और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने वाले आरोग्य सेतु ऐप को अब व्यापक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत तैयार किए गए आरोग्य सेतु 2.0 का उद्देश्य नागरिकों को एक ही मंच पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। करीब 20 करोड़ डाउनलोड हासिल कर चुके इस ऐप को अब देश के डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम का प्रमुख प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नए ऐप के जरिए उपयोगकर्ता अपनी आभा हेल्थ आईडी बना सकेंगे और मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन तथा उपचार से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रूप से स्टोर कर सकेंगे। जरूरत पड़ने पर ये रिकॉर्ड डॉक्टरों के साथ आसानी से साझा भी किए जा सकेंगे। ऐप में शामिल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पीडीएफ, फोटो या अन्य दस्तावेजों को पढ़कर उन्हें डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड में परिवर्तित करने में सक्षम होगी, जिससे प्रत्येक व्यक्ति का एक व्यक्तिगत हेल्थ डैशबोर्ड तैयार होगा।

आरोग्य सेतु 2.0 में हार्ट रेट, ब्लड शुगर, कैलोरी, कदमों की संख्या और अन्य स्वास्थ्य मानकों को ट्रैक करने की सुविधा होगी। स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड जैसे वेयरेबल डिवाइस को भी इससे जोड़ा जा सकेगा। मेडिकेशन रिमाइंडर फीचर दवा लेने के समय, खुराक और नियमितता की जानकारी देगा।

इसके अलावा, एक ही अकाउंट में परिवार के अन्य सदस्यों के प्रोफाइल जोड़कर उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन किया जा सकेगा। ऐप की मदद से नजदीकी अस्पताल, क्लिनिक, डॉक्टर, डायग्नोस्टिक सेंटर और ब्लड बैंक की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी। पीएम-जेएवाई वॉलेट के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना के तहत उपलब्ध इलाज कवर, खर्च और क्लेम की स्थिति भी देखी जा सकेगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ‘माई कंसेंट’ फीचर के तहत स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करने का पूरा नियंत्रण उपयोगकर्ता के पास ही रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.