मुहर्रम जुलूस में ‘पेन किलर’ के नाम पर जहर! 14 हजार कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार

 मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भायखला इलाके में मुहर्रम जुलूस के दौरान कथित रूप से दर्द निवारक दवा बताकर जहरीले कैप्सूल बांटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से हजारों तैयार जहरीले कैप्सूल और बड़ी मात्रा में चूहे मारने की दवा बरामद हुई है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, जुलूस में शामिल कुछ युवकों ने कथित पेन किलर कैप्सूल का सेवन किया, जिसके बाद उन्हें पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रभावित लोगों की शिकायत मिलने पर भायखला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त जयंत मीणा ने बताया कि आरोपित ने ऑनलाइन माध्यम से 30 हजार खाली कैप्सूल और जिंक फॉस्फाइड नामक अत्यंत जहरीला रसायन मंगाया था, जिसका उपयोग सामान्यतः चूहों को मारने के लिए किया जाता है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने प्रत्येक कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भरकर उन्हें तैयार किया और जुलूस में लोगों को दर्द निवारक दवा बताकर वितरित करना शुरू किया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से लगभग 14,900 तैयार कैप्सूल और करीब 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 39 वर्षीय फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पुणे के विमाननगर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इतनी बड़ी मात्रा में जहरीले कैप्सूल क्यों तैयार किए और इसके पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था।

प्रारंभिक जांच में इस घटना के संभावित आतंकी या अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2025 में ईरान और इराक की यात्रा कर चुका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से मामले की गहन जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.