देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 42 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता तथा अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले की धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बौन स्थित श्री हयॉ गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए 85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सल्ट विधानसभा क्षेत्र में कुलान्टेश्वर महादेव मेले के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 50.08 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर क्षेत्र में मेवड़ नागड़ स्थित श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 16.49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा देहरादून जिले में दैवीय आपदा से प्रभावित ग्राम मझाड़ा और कार्लीगाड़ के 14 परिवारों को छह माह तक किराये के मकानों में रखने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 3.36 लाख रुपये उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
ऊधमसिंहनगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदरपुर (अंबेडकर कॉलोनी) तक सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 85.49 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं पिथौरागढ़ के आदि कैलाश मंदिर क्षेत्र में बाहरी मार्ग और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के लिए 3.28 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़े फैसले लेते हुए मुख्यमंत्री ने सरकारी भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए 35.24 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिसकी पहली किस्त के रूप में 14.10 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लगाने तथा सोलर वाटर हीटर संयंत्र स्थापित करने के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा देना है।