देहरादून। नीट परीक्षा को लेकर कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर छात्रों के भविष्य को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिकरण कर अपनी खोई हुई जमीन तलाशने का प्रयास कर रहा है।
मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को छात्रों के हितों से कोई सरोकार नहीं है। उनका उद्देश्य केवल परीक्षा संबंधी मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर भ्रम की स्थिति पैदा करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा जागरूक और समझदार हैं तथा उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों और कार्यशैली पर पूरा भरोसा है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम और आरोपों का प्रदेश के छात्र-युवा वर्ग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं हैं और इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि 21 जून को नीट पुनर्परीक्षा के दिन आयोजित इस कार्यक्रम के कारण शहर में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी, जिससे कई परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कुछ छात्रों की परीक्षा भी छूट गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घटनाक्रम दर्शाता है कि कांग्रेस की प्राथमिकता छात्रों का भविष्य नहीं, बल्कि राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अब उत्तराखंड आकर भी युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश के छात्र और अभिभावक तथ्यों को समझते हैं और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति से प्रभावित नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि नीट पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने के बाद कांग्रेस की निराशा साफ दिखाई दे रही है। भाजपा का दावा है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।