पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में कैसे पहुंच गई एयर इंडिया की फ्लाइट? 4 घंटे तक परेशान रहे यात्री

नई दिल्ली। दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान तकनीकी गड़बड़ी के कारण अचानक अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के करीब पहुंच गई। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जिसने यात्रियों के साथ-साथ विमानन सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और विमान को सुरक्षित वापस भारतीय हवाई क्षेत्र में लाया गया।

सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-479, एयरबस ए321 विमान के साथ सोमवार रात 9 बजकर 07 मिनट पर दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण विमान अपने तय मार्ग से हट गया और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ने लगा। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से चेतावनी मिलने के बाद विमान को तत्काल यू-टर्न लेकर भारतीय सीमा की ओर मोड़ा गया।

विमान को बाद में अमृतसर पहुंचाया जाना था, लेकिन निर्धारित लैंडिंग समय निकल जाने के कारण अमृतसर एयरपोर्ट पर उसे उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

करीब दो घंटे बाद आवश्यक अनुमति मिलने के पश्चात विमान ने दोबारा अमृतसर के लिए उड़ान भरी। अंततः यह विमान तड़के लगभग ढाई बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस पूरी घटना के कारण यात्रियों को करीब चार घंटे की अतिरिक्त देरी का सामना करना पड़ा। जिन यात्रियों को रात साढ़े दस बजे तक अमृतसर पहुंचना था, वे देर रात अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

फिलहाल एयर इंडिया की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि आधिकारिक सूत्रों ने तकनीकी खराबी की पुष्टि की है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.