नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी सेंटर! शिकायत के बाद एनटीए ने कैसे सुधारी बड़ी गलती?

नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को देशभर में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

एनटीए अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण मॉक ड्रिल के दौरान किया गया। इस बीच परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई कुछ तकनीकी गड़बड़ियों ने अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी।

नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब को जारी एडमिट कार्ड में भारत के बजाय अबू धाबी (संयुक्त अरब अमीरात) का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया था। इसी तरह भुवनेश्वर की छात्रा संजना संजीवनी को अपने गृह राज्य के बजाय देहरादून में परीक्षा केंद्र दिया गया। दोनों छात्रों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद एनटीए ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके परीक्षा केंद्रों में संशोधन कर दिया। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम में देशभर के 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में पांच हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए दो लाख से अधिक कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।

एनटीए के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। दिव्यांग और बेंचमार्क दिव्यांगता श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6:20 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब दोबारा होने वाली परीक्षा पर लाखों अभ्यर्थियों और अभिभावकों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.