दिल्ली में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच के सामने हुई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज ढामा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पंकज ढामा योगा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होने के लिए प्लेटफॉर्म पर पहुंचे थे। इसी दौरान जनरल बोगी में चढ़ने और सीट को लेकर कुछ सहयात्रियों के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पंकज ढामा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से इस कदर पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। घटना के दौरान वहां तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक कांस्टेबल ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल पंकज को तत्काल गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में उनका मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) भी दर्ज किया गया है।
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद यदि मामूली विवाद हत्या जैसी वारदात में बदल जाए, तो यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता होना स्वाभाविक है।