सारण। बिहार के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन से आनंद विहार साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई ट्रेन सेवा के शुभारंभ के साथ ही रेल मंत्री ने बिहार में बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर भी बड़ा ऐलान किया, जिससे प्रदेश में उत्साह का माहौल है।
छपरा स्टेशन परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेलवे विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि पहले बिहार को रेलवे परियोजनाओं के लिए सीमित बजट मिलता था, लेकिन अब यह बढ़कर 10 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके चलते राज्य में नई रेल लाइनों के निर्माण, तीसरी और चौथी लाइन बिछाने, रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण और स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम तेजी से चल रहा है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार के 98 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में 11 अमृत भारत एक्सप्रेस और 14 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन पहले से हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर लखनऊ, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी को जोड़ते हुए विकसित किया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर दिल्ली से पटना की दूरी महज 4 घंटे 41 मिनट में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है। इससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नई शुरू हुई गाड़ी संख्या 12527 छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार रात 8:50 बजे छपरा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 12528 प्रत्येक सोमवार शाम 4:25 बजे आनंद विहार से चलकर अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी। ट्रेन बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।