After Header-1

सतपाल महाराज के ड्रीम प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, 123 करोड़ की स्यूंसी झील का टेंडर शुरू

 पौड़ी। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज के महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को नई गति मिली है। सतपुली झील निर्माण परियोजना के बाद अब पौड़ी गढ़वाल के बीरोंखाल विकासखंड में प्रस्तावित स्यूंसी झील परियोजना की ई-टेंडरिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। करीब 123.41 करोड़ रुपये की लागत वाली इस बहुउद्देशीय परियोजना से क्षेत्र के पर्यटन, सिंचाई, पेयजल और स्थानीय संपर्क सुविधाओं को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और मुख्यमंत्री घोषणा के तहत पूर्वी नयार नदी पर प्रस्तावित स्यूंसी बैराज और जलाशय निर्माण योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

प्रस्तावित स्यूंसी बैराज स्यूंसी बाजार के निकट बंगार झूला पुल के डाउनस्ट्रीम में बनाया जाएगा। लगभग छह मीटर ऊंचे और 60 मीटर चौड़े इस बैराज में छह गेट लगाए जाने का प्रस्ताव है। इसके निर्माण से करीब 0.70 किलोमीटर लंबी झील विकसित होगी, जो पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ नौकायन और मत्स्य पालन के लिए भी उपयोगी साबित होगी।

परियोजना के पूरा होने पर 44 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि 56 गांवों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा जल संरक्षण और भूजल संवर्धन में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सतपाल महाराज ने बताया कि स्यूंसी बैराज की हाइड्रोलिक और स्ट्रक्चरल डिजाइन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की द्वारा तैयार की गई है। योजना के तहत दो लेन का पुल और एप्रोच रोड भी बनाई जाएगी, जिससे बंगार और मंगरौ समेत पूर्वी नयार नदी के दाहिने तट पर बसे ग्रामीणों को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 से बेहतर संपर्क सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है, जबकि स्वीकृति की प्रतीक्षा के बीच ई-टेंडरिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.