तीन भारतीय नाविकों की मौत पर प्रियंका का सवाल, आखिर सरकार क्यों है खामोश?

 नई दिल्ली। अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समक्ष उठाने की मांग की है। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि इस गंभीर घटना पर सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है और देश को इस मामले में स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि तीन भारतीय नागरिकों की मौत का मामला बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात होने वाली है, ऐसे में उन्हें भारतीय नागरिकों की मौत का मुद्दा मजबूती से उठाना चाहिए। प्रियंका ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि अब तक सरकार ने इस घटना पर खुलकर कोई बयान नहीं दिया है।

वहीं कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने भी केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने एमटी सेटेबेलो जहाज पर हमला करते समय यह जानते हुए भी कार्रवाई की कि जहाज पर भारतीय नाविक मौजूद हैं। इसके बावजूद हमला किया गया, जिसमें तीन भारतीयों की जान चली गई।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इस घटना से पूरा देश दुखी है, लेकिन सरकार की ओर से न तो कोई कड़ा विरोध दर्ज कराया गया और न ही अमेरिका से जवाबदेही तय करने की कोशिश दिखाई दी। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने न तो इस घटना पर खेद व्यक्त किया और न ही माफी मांगी।

गौरतलब है कि 10 जून को पलाऊ ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमटी सेटेबेलो पर अमेरिकी हमला हुआ था। जहाज पर कुल 24 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई। इस घटना को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार से जवाब मांग रही है।

अब जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की संभावित मुलाकात को देखते हुए राजनीतिक दबाव बढ़ गया है। विपक्ष की मांग है कि भारतीय नागरिकों की मौत के मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाए और जिम्मेदार पक्ष से जवाब मांगा जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.