रांची। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के गांधी नगर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर में एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक(योजना एवं परियोजना) अनुप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
“इस दौरान उपस्थित गणमान्यों सहित सभी लोगों ने भविष्य में ऐसे रक्तदान शिविरों को और अधिक प्रोत्साहित तथा रक्तदान करने का शपथ लिया, ताकि अधिक से अधिक रक्तदाता रक्तदान के लिए प्रेरित हों तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।”
इस रक्तदान शिविर का आयोजन सीसीएल, रांची के गांधी नगर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर द्वारा डॉ. राज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी), सीसीएल तथा डॉ. भरत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी), गांधी नगर अस्पताल, सीसीएल के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर के दौरान कुल 50 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं में 44 पुरुष एवं 6 महिला रक्तदाता शामिल रहे, जिन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। गौरतलब है कि इस दौरान ऐसे कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने वाले एवं महिला रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. अनीता कुमारी, विभागाध्यक्ष (पैथोलॉजी), डॉ. खुशबू सरन, डॉ. श्रीमोयी मुखर्जी, डॉ. मोहना मंडल सहित ब्लड सेंटर के तकनीशियन एवं सहयोगी कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सीसीएल द्वारा आयोजित यह पहल स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।