33,660 करोड़ की मेगा योजना का आगाज, आखिर क्या है ‘भव्य’ पोर्टल जिससे बदल सकती है भारत की औद्योगिक तस्वीर?
नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को ‘भारत औद्योगिक विकास योजना’ (BHAVYA) के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘भव्य’ पोर्टल का शुभारंभ किया। सरकार का लक्ष्य इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से देशभर में 100 विश्वस्तरीय और निवेश के लिए तैयार औद्योगिक पार्क विकसित करना है, जिससे भारत को वैश्विक विनिर्माण और निवेश केंद्र के रूप में मजबूती मिले।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में बुनियादी ढांचे के विकास, डिजिटल कनेक्टिविटी और कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ‘भव्य’ योजना इन्हीं प्रयासों को आगे बढ़ाने का एक बड़ा मंच साबित होगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्यों में औद्योगिक पार्कों के प्रतिस्पर्धी विकास को बढ़ावा देना और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत विकसित होने वाले औद्योगिक पार्कों में स्टार्ट-अप, डीप-टेक, अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा नवाचार आधारित उद्योगों के लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
गोयल ने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के सहयोग से इन पार्कों में अत्याधुनिक परीक्षण और प्रमाणन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे उद्योगों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादन करने में सहायता मिलेगी।
योजना के प्रभावी संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NICDC) को सौंपी गई है। इसके लिए एक समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
गौरतलब है कि ‘भारत औद्योगिक विकास योजना’ को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 33,660 करोड़ रुपये के बजट के साथ मंजूरी दी है। छह वर्षों की अवधि में लागू होने वाली यह योजना देश में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और मजबूत होगी।