भारत में होगी अफगानिस्तान की मेजबानी, सितंबर में टीम इंडिया से भिड़ेगी मेजबान टीम

मुंबई। क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक दिलचस्प खबर सामने आई है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) पहली बार भारत में अपनी घरेलू टी20 सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज सितंबर 2026 में नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जा सकती है।

हालांकि दोनों क्रिकेट बोर्डों की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार मुकाबले 13, 16 और 19 सितंबर को आयोजित किए जाने की संभावना है। इस सीरीज में विशेष बात यह होगी कि अफगानिस्तान अपनी घरेलू टीम के रूप में मैदान पर उतरेगा, जबकि भारतीय टीम मेहमान टीम की भूमिका में होगी।

अफगानिस्तान पिछले कई वर्षों से अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भारत और संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित करता रहा है। देश में राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा कारणों के चलते वहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करना संभव नहीं हो पाया है। ऐसे में भारत लंबे समय से अफगान क्रिकेट का प्रमुख सहयोगी बना हुआ है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। बीसीसीआई समय-समय पर सहयोगी क्रिकेट बोर्डों को समर्थन देता रहा है और अफगानिस्तान को भी घरेलू मैदान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

सूत्रों के मुताबिक दोनों बोर्डों के बीच इस सीरीज को लेकर सहमति बन चुकी है और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। इस सीरीज के कारण दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के कार्यक्रम में भी बदलाव संभव है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) संभावित अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए अपना कार्यक्रम तैयार कर रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी अफगानिस्तान भारत के विभिन्न स्टेडियमों को अपने घरेलू मैदान के रूप में इस्तेमाल कर चुका है। वर्ष 2017 में ग्रेटर नोएडा में आयरलैंड के खिलाफ और 2018 में देहरादून में बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान ने की थी। अब दिल्ली में प्रस्तावित यह सीरीज दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक नया रोमांच लेकर आ सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.