‘काला हिरण’ फिल्म पर सलमान खान का बड़ा एक्शन, मेकर्स को भेजा कानूनी नोटिस

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार चर्चा उनकी किसी नई फिल्म को लेकर नहीं बल्कि प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने इस फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कदम उठाते हुए फिल्म के निर्माण, प्रचार-प्रसार और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सलमान खान की ओर से लॉ फर्म डीएसके लीगल के माध्यम से फिल्म से जुड़े पक्षों को कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस में दावा किया गया है कि फिल्म ‘काला हिरण’ कथित रूप से 1998 के चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले से प्रेरित है, जिसमें सलमान खान का नाम जुड़ा रहा है। अभिनेता की कानूनी टीम का कहना है कि इस प्रकार की फिल्म उनकी प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि मामला अभी न्यायालय में लंबित है और ऐसे समय में किसी फिल्म का निर्माण या प्रदर्शन न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। साथ ही, बिना अनुमति किसी व्यक्ति के जीवन या उससे जुड़े विवादित घटनाक्रम पर आधारित फिल्म बनाना उनके व्यक्तित्व अधिकारों (पर्सनालिटी राइट्स) का उल्लंघन माना जा सकता है।

सलमान खान के वकीलों ने फिल्म निर्माताओं से तत्काल प्रभाव से फिल्म के विकास, निर्माण और प्रचार गतिविधियों को रोकने की मांग की है। इसके अलावा, निर्माताओं से बिना शर्त लिखित माफी की भी मांग की गई है। कानूनी नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो मानहानि और क्षतिपूर्ति के लिए आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘काला हिरण’ का निर्माण अमित जानी कर रहे हैं, जबकि निर्देशन भारत एस. श्रीनाटे के जिम्मे है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल और मुरादाबाद समेत कई स्थानों पर की जा चुकी है। निर्माताओं ने 20 जून 2026 को फिल्म का टीजर जारी करने की योजना बनाई थी।

हालांकि, सलमान खान की कानूनी चुनौती के बाद अब फिल्म का भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है। फिल्म को लेकर आगे क्या फैसला होता है, इस पर फिल्म इंडस्ट्री और सलमान के प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.