म्यूजिकल मिनी सीरीज ‘सेवन एंड ए हाफ डेट्स’ इन दिनों दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। रोमांस, इमोशन और शानदार संगीत से सजी यह सीरीज डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया में एक अलग पहचान बना रही है। खास बात यह है कि इसमें संगीत को सिर्फ बैकग्राउंड तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।
सीरीज का हर गाना किरदारों की भावनाओं, रिश्तों की गहराई और कहानी के उतार-चढ़ाव को बखूबी दर्शाता है। इसी सीरीज का गाना ‘प्यार मेरा’ इन दिनों खास चर्चा में है, जिसे मशहूर सिंगर असीस कौर ने अपनी खूबसूरत आवाज दी है। इस गीत में उनके साथ गोल्डी सोहेल भी नजर आते हैं, जिन्होंने गाने को और अधिक भावनात्मक बना दिया है।
असीस कौर ने इस गाने के बारे में बात करते हुए कहा कि ‘प्यार मेरा’ इंसानी रिश्तों की नर्मी और भावनात्मक जुड़ाव को बेहद खूबसूरती से दिखाता है। उनके मुताबिक यह गीत उस एहसास को सामने लाता है, जब दो लोगों के बीच भरोसा और प्यार बेहद गहरा हो जाता है।
सिंगर ने इस प्रोजेक्ट को अपने करियर का खास अनुभव बताते हुए कहा कि इस सीरीज में म्यूजिक और कहानी को जिस तरह जोड़ा गया है, वह काफी अलग और नया प्रयोग है। आमतौर पर फिल्मों और वेब सीरीज में गाने केवल मनोरंजन के लिए होते हैं, लेकिन यहां संगीत कहानी को आगे बढ़ाने का काम करता है।
सीरीज में करण वाही और सुरभि ज्योति मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। दोनों की केमिस्ट्री को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। यह मिनी सीरीज आठ एपिसोड में यूट्यूब पर रिलीज होगी, जिससे दुनियाभर के दर्शक इसे आसानी से देख सकेंगे।
इसके अलावा ‘दुनिया’, ‘चांदनी रात’ और ‘ढोलना’ जैसे गानों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है। संगीत और भावनाओं का यह खूबसूरत मेल दर्शकों को एक अलग अनुभव देने वाला है।