‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम के दुर्लभ भैंसे की बची जान, अब जू में रहेगा शाही अंदाज में

बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा से पहले एक दुर्लभ भैंसा अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गया। अपने अनोखे लुक और खास हेयरस्टाइल जैसी बनावट के कारण इस भैंसे को लोगों ने ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम दे दिया। इंटरनेट पर वायरल होने के बाद सरकार ने समय रहते हस्तक्षेप किया और इस दुर्लभ जानवर को कुर्बानी से बचाकर राष्ट्रीय चिड़ियाघर में सुरक्षित पहुंचा दिया।

करीब 700 किलोग्राम वजन वाले इस सफेद एल्बिनो भैंसे की सबसे खास बात उसके सिर पर मौजूद हल्के सुनहरे, घने और लहराते बाल हैं। इसकी हेयरस्टाइल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बालों से मिलती-जुलती दिखाई देती है। यही वजह रही कि लोग इसे मजाकिया अंदाज में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ कहने लगे। देखते ही देखते इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

भैंसे के साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे। बच्चों से लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तक इस अनोखे जानवर को देखने के लिए उत्साहित नजर आए। लोकप्रियता बढ़ने के बाद पशुपालन विभाग ने इसे संरक्षित करने का फैसला लिया।

जानकारी के मुताबिक, भैंसे के मालिक जिया उद्दीन मृधा ने इसे ईद पर कुर्बानी के लिए बेच दिया था। लेकिन जैसे ही प्रशासन को इसकी दुर्लभ प्रजाति और बढ़ती लोकप्रियता की जानकारी मिली, अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पशुपालन विभाग ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर इसे सुरक्षित रखने की अपील की। इसके बाद पुलिस ने भैंसे को अपने कब्जे में लेकर ढाका नेशनल जू पहुंचा दिया।

चिड़ियाघर प्रशासन ने बताया कि भैंसे के लिए विशेष शेड तैयार किया गया है और उसकी देखभाल के लिए अलग कर्मचारी नियुक्त किया गया है। फिलहाल सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से इसे दो सप्ताह तक क्वारंटीन में रखा जाएगा। इसके बाद आम लोग इस दुर्लभ भैंसे को चिड़ियाघर में देख सकेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.