होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के रिश्ते एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गए हैं। अस्थायी युद्धविराम के बीच अमेरिकी सेना ने बुधवार देर रात ईरान के भीतर बड़ा हवाई हमला किया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार बंदर अब्बास शहर के पूर्वी हिस्से में रात करीब डेढ़ बजे लगातार तीन जोरदार धमाके सुनाई दिए।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत की गई। उनके मुताबिक, बंदर अब्बास स्थित सैन्य ठिकाने से अमेरिकी सेना और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को गंभीर खतरा था। कार्रवाई के दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान की ओर से छोड़े गए कई ड्रोन भी हवा में ही मार गिराए।
ईरानी सरकारी मीडिया ने भी हमले की पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार धमाकों के बाद ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली तुरंत सक्रिय हो गई और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी गई। हालांकि, ईरान ने अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी होने की बात कही है।
बीते 48 घंटों में अमेरिका की ओर से यह दूसरा बड़ा हमला माना जा रहा है। इससे पहले सोमवार को अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल ठिकानों और उन सैन्य नौकाओं को निशाना बनाया था, जिन पर समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने का आरोप था।
इस बीच ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई को युद्धविराम का उल्लंघन बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेहरान ने साफ कहा है कि किसी भी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। दूसरी ओर ओमान और कतर की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए गुप्त कूटनीतिक बातचीत भी जारी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सख्त रुख को दोहराते हुए कहा कि ईरान को अमेरिकी शर्तों पर समझौता करना होगा, अन्यथा सैन्य ताकत से इस मुद्दे को खत्म किया जाएगा। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक व्यापार के लिए हर हाल में खुला रहेगा।