दुनिया में अजीबोगरीब लतों के कई मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन कनाडा की 20 वर्षीय शैनन की कहानी ने लोगों को हैरान कर दिया है। लोकप्रिय टीवी शो My Strange Addiction में दिखाया गया कि शैनन को पेट्रोल पीने की खतरनाक लत लग चुकी है। हालत यह है कि वह रोजाना कई चम्मच पेट्रोल पी जाती है और इसे छोड़ नहीं पा रही।
शो में बताया गया कि करीब एक साल पहले शैनन को पेट्रोल की गंध पसंद आने लगी थी। शुरुआत में वह केवल उसकी महक सूंघती थी, लेकिन धीरे-धीरे उसने उंगलियों पर लगे पेट्रोल को चाटना शुरू कर दिया। समय के साथ यह आदत इतनी बढ़ गई कि अब वह रोजाना 12 से 15 चम्मच तक पेट्रोल पीने लगी है। रिपोर्ट के मुताबिक वह सालभर में लगभग 19 लीटर पेट्रोल का सेवन कर लेती है।
शैनन का कहना है कि पेट्रोल का स्वाद उसे मीठा, खट्टा और हल्की जलन जैसा महसूस होता है। पेट्रोल पीने के बाद उसके शरीर में झुनझुनी और जलन होती है, लेकिन इसके बावजूद वह खुद को रोक नहीं पाती। उसने बताया कि तनाव, अकेलापन और डिप्रेशन के समय पेट्रोल पीने से उसे राहत महसूस होती है।
इस आदत ने उसके परिवार की चिंता बढ़ा दी है। परिवार कई बार उसे रोकने की कोशिश कर चुका है, लेकिन वह चोरी-छिपे पेट्रोल पी लेती है। शो में परिवार ने उसे इलाज के लिए मनाने की कोशिश भी की। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि पेट्रोल पीना शरीर के लिए बेहद खतरनाक है और इससे लीवर, किडनी, फेफड़े और मस्तिष्क को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार पेट्रोल में मौजूद जहरीले रसायन कैंसर, सांस की बीमारी और नसों को नुकसान जैसी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि शैनन की यह आदत ‘पिका डिसऑर्डर’ नामक मानसिक बीमारी से जुड़ी हो सकती है, जिसमें व्यक्ति गैर-खाद्य चीजें खाने या पीने की इच्छा महसूस करता है।