वाराणसी के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर डीआरआई (राजस्व आसूचना निदेशालय) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के हाइड्रोपोनिक गांजे की खेप पकड़ी है। यह कार्रवाई बैंकॉक से वाराणसी पहुंची फ्लाइट संख्या IX-215 में की गई। खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने दो संदिग्ध यात्रियों को रोककर उनके सामान की गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान यात्रियों के बैग से कई पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का गांठदार और तेज गंध वाला पदार्थ भरा हुआ था। फील्ड टेस्ट में यह पदार्थ उच्च गुणवत्ता वाला गांजा यानी हाइड्रोपोनिक वीड निकला। अधिकारियों ने कुल 19.8 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6.93 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे से काफी अलग और अधिक खतरनाक माना जाता है। इसे मिट्टी के बिना विशेष तकनीक और नियंत्रित वातावरण में तैयार किया जाता है। इसमें पोषक तत्वों से युक्त पानी का इस्तेमाल होता है, जिससे इसकी पोटेंसी कई गुना बढ़ जाती है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग मार्केट में इसकी भारी मांग रहती है।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किस नेटवर्क के जरिए भारत लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।