विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास लेने की घोषणा कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब वह अपने करियर में नए अवसरों की तलाश करना चाहते हैं और अधिक क्रिकेट खेलने के उद्देश्य से यह कदम उठा रहे हैं।
विजय शंकर के इस फैसले के बाद अब उनके लिए दुनिया भर की विदेशी टी-20 लीगों में खेलने का रास्ता पूरी तरह खुल गया है। क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द ही अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय फ्रेंचाइजी लीग्स में खेलते नजर आएंगे।
‘3डी प्लेयर’ के नाम से पहचान बनाने वाले विजय शंकर ने वर्ष 2018 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। बल्लेबाजी, मध्यम गति की गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के कारण उन्हें ‘3डी प्लेयर’ कहा जाता था। टीम इंडिया में उन्हें एक भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में देखा जाता था और वह विश्व कप टीम का हिस्सा भी रहे।
अपने संन्यास संदेश में विजय शंकर ने कहा कि क्रिकेट हमेशा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। उन्होंने बताया कि 10 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू करने के बाद उन्हें हर स्तर पर खेलने और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने कोच, टीम साथियों और प्रशंसकों का भी धन्यवाद किया।
Chennai Super Kings सहित कई आईपीएल फ्रेंचाइजी टीमों के लिए खेलने वाले विजय शंकर ने कई मौकों पर अपनी उपयोगिता साबित की। हालांकि लगातार चोटों और प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव के कारण वह लंबे समय तक भारतीय टीम में अपनी जगह स्थायी नहीं बना सके।
अब क्रिकेट जगत की नजर इस बात पर है कि विजय शंकर विदेशी लीगों में किस टीम के साथ अपने नए सफर की शुरुआत करते हैं।