भारत-नेपाल सीमा पर गूंजा शहीदों का सम्मान, सीएम धामी ने किया बड़ा ऐलान

बनबसा। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित बनबसा में मंगलवार को देशभक्ति और शौर्य का भाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच मुख्यमंत्री समेत उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। इस दौरान विशाल राष्ट्रध्वज तिरंगा भी फहराया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण गौरव एवं सम्मान का विषय है। यह स्मारक देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान की यादों को हमेशा जीवित रखेगा। उन्होंने कहा कि स्मारक आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को देश सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के अंतिम छोर के बजाय ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के साथ शहीदों की स्मृतियों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश का सेना और अर्धसैनिक बलों से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने स्वयं को सैनिक का पुत्र बताते हुए सैनिकों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम को भावुक और गौरवपूर्ण अवसर बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों सरस्वती देवी, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, खीमा देवी, माया चंद, सरस्वती देवी, ललिता चंद, गीता देवी और पिंकी रैसवाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा वीर माता लक्ष्मी देवी और सेना मेडल से सम्मानित सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा को भी सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर परिवारों का सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.