Ukraine और Russia के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर खतरनाक मोड़ ले लिया है। यूक्रेन ने रविवार रात रूस की राजधानी मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। रिपोर्ट्स के अनुसार यूक्रेन ने एक ही रात में 500 से अधिक ड्रोन दागे, जिससे रूस की एयर डिफेंस प्रणाली पर भारी दबाव बन गया।
बताया जा रहा है कि यह हमला रूस द्वारा हाल ही में कीव पर किए गए भीषण हमलों के जवाब में किया गया। पिछले सप्ताह रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें दागी थीं, जिनमें कई लोगों की जान चली गई थी। इसके जवाब में यूक्रेन ने स्वार्म अटैक रणनीति अपनाई, जिसका उद्देश्य रूस के आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम को ओवरलोड करना था।
हमले के दौरान मॉस्को के आसपास कई इलाकों में धमाके हुए। खिमकी शहर में एक ड्रोन रिहायशी इमारत से टकरा गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं मितिशी इलाके में ड्रोन का मलबा गिरने से दो लोगों की जान चली गई। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की भी पुष्टि हुई है, जबकि तीन अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं।
Embassy of India, Moscow ने घटना की पुष्टि करते हुए प्रभावित भारतीयों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मॉस्को के मेयर के अनुसार हमले में कुल 12 लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी ने दावा किया है कि इस ऑपरेशन में तेल रिफाइनरी, तेल पंपिंग स्टेशन और सैन्य उद्योग से जुड़े अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया। दूसरी ओर रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने रातभर में 556 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जिनमें से 120 से अधिक ड्रोन मॉस्को पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए गए।
हमले के बाद रूस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए यूक्रेन पर 287 ड्रोन दागे हैं। लगातार बढ़ते हमलों ने दोनों देशों के बीच तनाव को और खतरनाक स्तर पर पहुंचा दिया है।