गोल्ज्यू महोत्सव 2026 में सीएम धामी का बड़ा संदेश, चंपावत को बनाएंगे आदर्श जिला

उत्तराखंड के चंपावत में आयोजित ऐतिहासिक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का रविवार को भव्य समापन हो गया। 13 दिनों तक चले इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आस्था, लोकसंस्कृति और उत्साह के रंग में रंग दिया। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत को देश का सर्वश्रेष्ठ और आदर्श जिला बनाना राज्य सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और पारंपरिक मूल्यों को जीवित रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नगरपालिका परिषद चंपावत, जिला प्रशासन और स्थानीय जनता को महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। धामी ने न्याय के देवता के रूप में पूजनीय श्री गोल्ज्यू महाराज को नमन करते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान और लोक परंपराओं को संरक्षित करने का मजबूत माध्यम है।

04 मई से शुरू हुए इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का वातावरण तैयार होता है।

महिला सशक्तिकरण को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों को लोगों का अच्छा समर्थन मिला। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में गोल्ज्यू महोत्सव और अधिक भव्य रूप में आयोजित होगा तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.