देहरादून में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूचना विभाग द्वारा ‘नो व्हीकल डे’ मनाया गया। शासन के निर्देशों के तहत आयोजित इस विशेष अभियान में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी वाहनों का उपयोग न करते हुए सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल और पैदल दफ्तर पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस पहल की सबसे खास बात यह रही कि सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी स्वयं साइकिल चलाकर सूचना निदेशालय पहुंचे। उनकी इस पहल ने विभागीय कर्मचारियों के साथ आम लोगों को भी प्रेरित किया। वहीं विभाग के अपर निदेशक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर कार्यालय पहुंचे। इसके अलावा कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, साइकिल और बसों के जरिए दफ्तर पहुंचकर अभियान को सफल बनाया।
‘नो व्हीकल डे’ का उद्देश्य लोगों को ईंधन की बचत, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। लगातार बढ़ते प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए इस तरह की पहल को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों ने भी इस अभियान को सराहनीय बताते हुए कहा कि यदि सप्ताह में एक दिन भी निजी वाहनों का उपयोग कम किया जाए तो पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
सूचना विभाग की इस पहल को लोगों ने सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया है। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में यह प्रयास आने वाले समय में अन्य विभागों और संस्थानों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।