मसूरी में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न क्षतिग्रस्त सड़कों, मोटर मार्गों और भू-धसाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिकारियों से सड़क मरम्मत कार्यों में तेजी लाने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कैबिनेट मंत्री ने लंढौर बाजार क्षेत्र में हो रहे भू-धसाव का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका परिषद को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में मार्ग के ट्रीटमेंट का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि लंढौर बाजार में लगभग 26 लाख रुपये की लागत से सड़क ट्रीटमेंट और सुरक्षा कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा मोतीलाल नेहरू मार्ग और मॉल रोड पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए भी लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए जनता से पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
इसके बाद मंत्री ने उप जिला चिकित्सालय मसूरी का निरीक्षण किया। अस्पताल में कर्मचारियों की कमी और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आवश्यक स्टाफ की जल्द नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन और लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।