नई दिल्ली। मई की तपती गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। 12 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, झारखंड और दिल्ली समेत 19 राज्यों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में धूलभरी आंधी के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि बारिश के बावजूद दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बिहार और झारखंड में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। बिहार के चंपारण, गोपालगंज, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। वहीं झारखंड के गिरिडीह, बोकारो और आसपास के इलाकों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी खराब मौसम और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने पर्यटकों को फिलहाल पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा टालने की सलाह दी है।
इसके अलावा पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या कमजोर इमारतों के नीचे खड़े होने से बचें।