नई दिल्ली। भारत में लंबे ऑफिस घंटे, बढ़ता तनाव और खराब वर्क लाइफ बैलेंस को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। इसी बीच सोशल मीडिया पर स्वीडन के एक कॉर्पोरेट ऑफिस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को यूरोप और भारत के ऑफिस कल्चर की तुलना करने पर मजबूर कर दिया है। वीडियो में दिखाई गई सुविधाओं को देखकर कई लोग हैरानी जता रहे हैं और कह रहे हैं कि यह किसी ऑफिस से ज्यादा रिलैक्सेशन जोन जैसा लग रहा है।
जानकारी के अनुसार संकेथ बनिक नाम के एक भारतीय युवक ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। संकेथ हाल ही में स्वीडन पहुंचे हैं और वहां एक पर्यावरण सलाहकार के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने अपने ऑफिस की कई खास सुविधाओं की झलक वीडियो में दिखाई, जो भारतीय कॉर्पोरेट माहौल से काफी अलग मानी जा रही हैं।
वीडियो में ऑफिस के अंदर बीन्स बैग, आरामदायक स्टाइलिश कुर्सियां, ओपन सीटिंग एरिया और सीढ़ियों पर बैठकर काम करने जैसी आधुनिक सुविधाएं नजर आती हैं। इसके अलावा कर्मचारियों के मनोरंजन और तनाव कम करने के लिए गेम्स, मसाज चेयर और फ्री स्नैक्स की व्यवस्था भी की गई है। संकेथ ने बताया कि ऑफिस का माहौल इतना सहज और आरामदायक है कि यहां काम करते समय यह महसूस ही नहीं होता कि आप किसी कॉर्पोरेट ऑफिस में बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि यूरोपियन कंपनियां कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और वर्क लाइफ बैलेंस को बेहद गंभीरता से लेती हैं। वहां पारंपरिक क्यूबिकल सिस्टम की जगह खुला और फ्रेंडली कार्य वातावरण तैयार किया जाता है ताकि कर्मचारी बेहतर महसूस करें और तनाव कम हो।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कई यूजर्स ने भारतीय ऑफिस कल्चर में बदलाव की जरूरत बताई। एक यूजर ने लिखा कि वर्क लाइफ बैलेंस कोई सुविधा नहीं बल्कि हर कर्मचारी का अधिकार होना चाहिए। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि यूरोप सच में कर्मचारियों की सुविधा और मानसिक शांति को प्राथमिकता देता है।