देहरादून। Dehradun में डिजिटल प्रशासन और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी Savin Bansal ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) कार्यालय के नव-नवीनीकृत परिसर का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस कार्यालय के शुरू होने से अब सरकारी डिजिटल सेवाओं के संचालन में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों से कार्यालय का रिनोवेशन आधुनिक तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कराया गया है। नए स्वरूप में तैयार किए गए परिसर में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और तकनीकी स्टाफ के लिए बेहतर कार्यस्थल एवं अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में अधिक सुविधा मिलेगी और डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि कार्यालय के सुदृढ़ीकरण से ई-गवर्नेंस से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी और विभिन्न विभागों के कामकाज को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के सफल संचालन में यह तकनीकी व्यवस्था काफी मददगार साबित होगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म मजबूत होने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान एनआईसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के मिलने से कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा और सरकारी सेवाओं को जनता तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी Abhinav Shah, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख अरविंद कुमार दाधीचि, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।