देहरादून। Pushkar Singh Dhami ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और आगामी कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के लिए 256 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से आपदा प्रबंधन, पेयजल योजनाओं, सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 15वें वित्त आयोग की अवशेष राशि से प्रत्येक जिले को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये, पुनर्निर्माण एवं पुनर्प्राप्ति कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा तैयारी एवं क्षमता विकास के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस प्रकार प्रत्येक जिले को कुल 10 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। सभी जिलों के लिए कुल 130 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 में गैर एसडीआरएफ मद के तहत जिलाधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए कुल 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से औद्योगिक क्षेत्र तक चार लेन मार्ग के नवीनीकरण के लिए 2.72 करोड़ रुपये, पथुलोक बैराज मार्ग सुधार कार्य के लिए 2.13 करोड़ रुपये और बहादराबाद-रोहाल्की से अलीपुर-सुकरासा-पथरी अम्बूवाला मार्ग के नवीनीकरण के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पेयजल योजनाओं के तहत देहरादून के पित्थूवाला और जीएमएस रोड क्षेत्र में नलकूप निर्माण एवं वितरण प्रणाली के लिए 20.37 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी गढ़वाल की विभिन्न पेयजल योजनाओं के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने रुड़की नगर निगम क्षेत्र के सुनहरा मार्ग चौराहे का नाम बदलकर “शहीद चौक” रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से राज्य में विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।