जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संविदाकर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू पंवार मेडिकल स्टोर लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले परिवादी से रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने मेडिकल स्टोर लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लाइसेंस संबंधी फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर आरोपी लगातार पैसों की मांग कर रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर परिवादी ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने शुरुआत में 15 हजार रुपए की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद 13 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबर मल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया गया कि आरोपी सोनू पंवार ने अपने कार्यालय में परिवादी से 13 हजार रुपए लिए और उन्हें गिनकर अपनी पैंट की जेब में रख लिया। इसी दौरान एसीबी टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को देखकर आरोपी घबरा गया और रिश्वत की रकम जेब से निकालकर कार्यालय के गेट के पास फर्श पर फेंक दी। हालांकि एसीबी टीम ने तुरंत रकम बरामद कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।