वाराणसी (उत्तर प्रदेश), 29 अप्रैल। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन बुधवार को Kashi Vishwanath Temple में विधिवत दर्शन-पूजन किया। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ के स्वर्णमंडित गर्भगृह में उन्होंने ज्योतिर्लिंग का षोडशोपचार पूजन और अभिषेक कराया। इस दौरान अर्चक ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। प्रधानमंत्री ने भी मंत्रोच्चार में सहभागिता करते हुए देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने करीब 14 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें काशीवासियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने ढोल-नगाड़ों, डमरू और शंखनाद के साथ उनका स्वागत किया। जगह-जगह फूलों की वर्षा और “हर-हर महादेव” व “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। प्रधानमंत्री भी इस स्नेह से अभिभूत नजर आए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे।
मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान 51 ब्राह्मणों की शंखध्वनि और बटुकों के निनाद ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। दर्शन के बाद पीएम मोदी ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। स्थानीय भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किए, जिन्हें दिखाकर प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन स्वीकार किया।
इस दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री ने मंदिर चौक में मौजूद बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका हालचाल पूछा और स्नेहपूर्वक उनके सिर पर हाथ फेरकर प्यार जताया। बच्चे भी उनसे मिलकर बेहद उत्साहित दिखे।
दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए, जहां से वे हरदोई के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका यह दौरा एक बार फिर काशी से उनके गहरे जुड़ाव और जनता के प्रति आत्मीयता को दर्शाता है।