पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के नए रास्ते, विदेशों में नौकरी पर सरकार की बड़ी पहल

देहरादून। प्रदेश में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण को लेकर सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं को और मजबूत किया है। इसी क्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में सोमवार को उपनल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न कल्याणकारी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचें।

इस दौरान उपनल के माध्यम से विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रस्तावित एजेंसी के संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के जरिए पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे। मंत्री ने इस दिशा में कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पूर्व सैनिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही, उनके आश्रितों के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत करने और नए रोजगार अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया गया।

मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं, इसलिए उनके पुनर्वास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखी जाए।

सरकार की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर रोजगार अवसर और आर्थिक स्थिरता मिल सकेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.