केदारनाथ यात्रा पर सख्त नजर—SP ने पैदल चलकर जांची हर व्यवस्था, क्या मिला फीडबैक?

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने खुद केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनका यह निरीक्षण बेस कैंप केदारनाथ धाम से लेकर गौरीकुंड तक किया गया, जिसमें लिंचोली, भीमबली और जंगलचट्टी जैसे प्रमुख पड़ाव शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस चौकियों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

इस दौरान निहारिका तोमर ने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनके अनुभव, समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने घोड़ा-खच्चर संचालकों से भी चर्चा कर रूट मैनेजमेंट और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर जानकारी ली। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम और प्रभावी बनाया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर सुचारु आवागमन, चिकित्सा सहायता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत रखा जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हर समय तैयार रहने को कहा गया है।

भीड़ प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई गई है। उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी निहारिका तोमर पिछले छह दिनों से केदारनाथ धाम में कैंप कर लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.