देहरादून। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने देहरादून जिले में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा कर लोगों को वित्तीय रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया। यह शिविर क्रिसिल फाउंडेशन के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों (SHG) के सदस्य शामिल हुए।
दौरे के दौरान गवर्नर ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता ही आर्थिक सशक्तिकरण की कुंजी है। उन्होंने लोगों को बचत, निवेश और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने भारत सरकार की विभिन्न पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की, ताकि आमजन दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
संजय मल्होत्रा ने सीएफएल से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाज के हर वर्ग, विशेषकर दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक वित्तीय शिक्षा पहुंचाने के प्रयास तेज करें। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे यहां प्राप्त जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और समुदाय के अन्य लोगों के साथ साझा करें, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंट (बीसी) के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। लोगों को खाता खोलने, लेन-देन करने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा सिक्कों और नोटों के आदान-प्रदान के लिए विशेष काउंटर लगाए गए और एक मोबाइल एटीएम वैन भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें गवर्नर ने विशेष रुचि दिखाई और उनकी सराहना की। कार्यक्रम में आरबीआई देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार समेत पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।