मसूरी। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र में सनातन धर्म सभा के सामुदायिक हॉल के सुधारीकरण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। यह कार्य विधायक निधि से लगभग 11 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इस अवसर पर मंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘जनता की सरकार, जनता के द्वार’ की भावना के साथ कार्य कर रही है, जिससे योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
मंत्री ने बताया कि सामुदायिक हॉल के बेसमेंट के सुधारीकरण से स्थानीय लोगों को सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे क्षेत्र में सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार केवल आधारभूत ढांचे को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक और सामाजिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इससे समाज के सभी वर्गों को सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है और सामाजिक एकता को भी मजबूती मिल रही है।
मंत्री गणेश जोशी ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, सभासद गोरी थपलियाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल, भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान और सनातन धर्मसभा के अध्यक्ष ललित जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।