देहरादून। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ताजा रिपोर्ट के अनुसार शनिवार शाम 7 बजे तक बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में कुल 2 लाख 38 हजार 590 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
शनिवार को ही 55 हजार 998 श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन के लिए पहुंचे, जो यात्रा के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाता है।
बात करें बद्रीनाथ धाम की, तो कपाट खुलने की तिथि 23 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच कुल 37,884 श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। इनमें से केवल शनिवार को ही 13,107 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीनाथ के दर्शन किए।
वहीं केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक चार दिनों के भीतर 1,24,782 श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। शनिवार को अकेले 31,160 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 19 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच इन दोनों धामों में कुल 75,924 श्रद्धालु पहुंचे हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 38,206 और गंगोत्री धाम में 37,718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
चारधाम यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की इतनी बड़ी संख्या प्रशासन के लिए चुनौती और अवसर दोनों बनकर सामने आई है। सरकार और प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।