उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ ऋषिकेश से भव्य रूप से किया गया। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यात्रा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मार्ग सुरक्षा सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
मंत्री ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे यात्रा के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी यात्री इस पवित्र यात्रा की मर्यादा बनाए रखते हुए स्वच्छता को प्राथमिकता देंगे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। यात्रा के शुभारंभ के साथ ही देवभूमि में आस्था, उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।