चारधाम यात्रा 2026 का भव्य आगाज, सीएम धामी बोले—यात्रा होगी सुरक्षित और दिव्य

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ भव्य रूप से किया गया। ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मिक जुड़ाव का मार्ग है। यह यात्रा श्रद्धालुओं को हर कठिनाई से लड़ने की शक्ति देती है और उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और वे स्वयं लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे देवभूमि उत्तराखंड से सुखद और स्वर्णिम यादों के साथ लौटें।

उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष रूप से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों और यात्रा मार्गों की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने “ग्रीन चारधाम यात्रा” और “प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ” का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसके तहत यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई व्यवस्था, वाहनों में डस्टबिन की अनिवार्यता और प्लास्टिक उपयोग पर नियंत्रण जैसे कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे हम अपने घर के मंदिर को स्वच्छ रखते हैं, वैसे ही देवभूमि को भी साफ और पवित्र बनाए रखना सभी का कर्तव्य है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.