चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, सीएम धामी बोले—श्रद्धालु लेकर जाएंगे यादगार अनुभव

उत्तराखंड में 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सफल और मंगलमय होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बाबा केदार, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री और भगवान बद्री विशाल से प्रार्थना करते हैं कि इस वर्ष भी यात्रा सुरक्षित और सकुशल संपन्न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार की चारधाम यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नई ऊंचाइयों को छुएगी।

धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड के लिए एक बड़े उत्सव के समान है, जिसमें लाखों श्रद्धालु हर साल आस्था के साथ भाग लेते हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए हर स्तर पर तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल यात्रा का संचालन ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को एक सुखद और यादगार अनुभव देना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो भी श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड से लौटें, वे यहां बिताए गए समय की स्वर्णिम यादों को अपने साथ लेकर जाएं।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी की भागीदारी आवश्यक है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से भी सहयोग और नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

अंत में उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रद्धालु देवभूमि के आध्यात्मिक संदेश को देश और दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.